बिहार समेत देश कई राज्यों में लगातार बारिश की वजह से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नदियों में बाढ़ जैसे हालात हैं और कई जगहों पर पानी भर गया है। अब इस बीच बिहार के समस्तीपुर से एक हैरान करने वाली वीडियो सामने आया है। यहां पर अनोखा नजारा देखने को मिला है।
तेज हवाओं की वजह से समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर प्रखंड में बवंडर उठता दिखाई दिया। इस तरह के बवंडर अमेरिका जैसे में आमतौर पर देखे जाते हैं। इस अनोखे दृश्य को लोगों ने कैमरे कैद कर लिया। अब यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बारिश और तेज हवा की वजह से यह बवंडर दिखाई दिया। भारतीय मौसम विभाग ने भी सोशल मीडिया पर इस बारे में जानकारी दी है। मौसम विभाग ने बताया कि इसे जल बवंडर या वाटरस्पाउट कहा जाता है। यह पानी की सतह के ऊपर बनने वाला हवा का तेजी से घूमता स्तंभ होता है, जो देखने में कीप जैसी आकृति होती है। इसका ऊपरी भाग आसमान में बादलों से जुड़ा हुआ नजर आता है। बड़ी झील, नदी या समुद्र जैसी सतह पर इसके बने की संभावना अधिक होती है।
कैसे बनता है जल बवंडर?
जल बवंडर के बारे में सामान्य तौर बताया जाता है कि यह पानी को नीचे से खींचकर आसमान की तरफ ले जाता है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि इसके अंदर दिखाई देने वाला ज्यादातर जल वास्तव में नीचे की सतह से ऊपर नहीं खिंचता। बादलों के भीतर होने वाली संघनन प्रक्रिया से बारिश की बूंदें बनती हैं, जो इसे खास तरह की आकृति देती हैं।
कितने तरह के होते हैं जल बवंडर?
मुख्य तौर पर जल बवंडर के दो प्रकार होते हैं। पहला तूफानी जल बवंडर होता है, जो जमीन पर बनने वाले बवंडर जैसा होता है। यह काफी शक्तिशाली होता है और नुकसान पहुंचा सकता है। दूसरा सामान्य मौसम वाला जल बवंडर होता है। यह अपेक्षाकृत कम ताकतवर होता है। इसके तट या जमीन से संपर्क में आने पर इसके कमजोर होकर समाप्त होने की संभावना होती है।