बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले एक युवा मजदूर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मजदूर का नाम शत्रुघ्न कुमार है, जिसने लोगो को भावुक कर दिया है। तमिलनाडु की राजधानी चन्नई में वेल्डर का काम करने वाले शत्रुघ्न ने छठ पूजा पर अपने घर जाने के लिए ऐसा फैसला लिया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। शत्रुघ्न करीब 15 हजार रुपये महीने कमा लेता है, लेकिन घर जाने के लिए उसने पूरी महीने की कमाई हवाई टिकट पर खर्च कर दी और पहली हवाई जहाज में सफर कर चेन्नई से पटना पहुंचे। अब शत्रुघ्न की यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मां से किया वादा निभाने के लिए हवाई जहाज से पहुंचा घर
शत्रुघ्न कुमार बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले हैं और रोजी-रोटी के लिए चेन्नई में एक लोहे के कारखाने में वेल्डर का काम करते हैं। उनकी महीने की कमाई करीब 15 हजार रुपये बताई जा रही है। छठ पूजा बिहार के लोगों के लिए बेहद खास त्योहार है। खासकर उन प्रवासी मजदूरों के लिए जो रोजी-रोटी के सिलसिले में अपने घरों से दूर रहते हैं।
इस बार शत्रुघ्न ने अपनी मां और गांव के लोगों से वादा किया था कि वह ट्रेन से नहीं, बल्कि हवाई जहाज से घर लौटेंगे। अपने इस वादे को पूरा करने के लिए उन्होंने मेहनत से कमाए पैसों से चेन्नई से पटना तक की फ्लाइट का टिकट बुक किया। उनके लिए यह सिर्फ घर लौटने का सफर नहीं, बल्कि अपने सपने को पूरा करने का भी एक खास मौका था।
फ्लाइट में मुस्कुराते दिखे शत्रुघ्न
हवाई यात्रा के दौरान शत्रुघ्न ने अपने अनुभव का वीडियो भी बनाया। वीडियो में वह हवाई जहजा के भीतर बैठे मुस्कुराते हुए और आसपास का नजारा देखते नजर आ रहे हैं। एक अन्य वीडियो में वह एयर होस्टेस से बातचीत करते और अपनी कहानी साझा करते दिख रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो को शेयर किया गया है, जिसने लोगों को भावुक कर दिया है। उनकी खुशी और मां से किया वादा निभाने के जज्बे ने लोगों का दिल जीत लिया है।
कजरारे-कजरारे गाने पर लड़की ने किया धमाकेदार डांस, नीले लहंगे में अदाओं ने जीता दिल
गांव पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत
जब शत्रुघ्न अपने गांव पहुंचे, तो लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने उन्हें माला पहनाई और खुशी जाहिर की। शत्रुघ्न की मां ने भी बेटे के इस कदम पर गर्व जताया। उनके लिए बेटे का घर लौटना और अपना वादा निभाना किसी बड़ी खुशी से कम नहीं था।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
शत्रुघ्न के इस फैसले पर सोशल मीडिया पर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। कुछ लोगों ने सवाल किया है कि इतनी कम कमाई में लगभग पूरी सैलरी हवाई टिकट पर खर्च करना कितना सही है, तो वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने उनके फैसले का समर्थन किया है और उनका कहन है कि यह उनकी मेहनत की कमाई है और उन्हें अपनी खुशी के लिए खर्च करने का पूरा अधिकार है।
दुबई में 24 कैरेट सोने से बनेगी सड़क, सोने के रास्ते पर चलेंगे लोग, देखकर हो जाएंगे हैरान
प्रवासी मजदूरों की भावनाओं को बयां करती है शत्रुघ्न की कहानी
शत्रुघ्न कुमार की कहानी सिर्फ पहली बार हवाई जहाज में सफर करने की बात नहीं है। यह उस भावनात्मक रिश्ते को भी दिखाती है, जो अपने घर से दूर शहरों में काम कर रहे मजदूरों को परिवार और गांव से जोड़कर रखता है। बेहतर रोजगार की तलाश में घर से दूर शहरों में रहने वाले हजारों लोगों को त्योहारों पर अपनों के बीच लौटने का इंतजार रहता है। शत्रुघ्न ने अपनी मेहनत की कमाई से मां से किया वादा पूरा किया और ऐसा अनुभव हासिल किया, जिसे वह लंबे समय तक याद रखेंगे।