प्राचीन मिस्र के इतिहास से जुड़ी एक अनोखी पुरातात्विक खोज ने शोधकर्ताओं को हैरत में डाल दिया है। मिस्र के ऐतिहासिक शहर थीब्स में एक मंदिर के खंडहरों के पास मिले करीब 3,400 साल पुराने कचरे के अवशेषों से ऐसे प्रमाण मिले हैं, जो बताते हैं कि उस दौर में शाप देने और जादुई अनुष्ठान करने की परंपरा आम लोगों के बीच भी प्रचलित थी।
पुरातत्वविदों को यहां पपायरस के करीब 40 जले हुए टुकड़े मिले हैं। इनका आकार लगभग डाक टिकट जितना है। ये टुकड़े प्राचीन मिस्र के प्रसिद्ध अपोफिस रिचुअल से जुड़े बताए जा रहे हैं। इस अनुष्ठान में सूर्य देवता रा की शक्ति का आह्वान करके दुश्मनों और बुरी शक्तियों को नष्ट करने की कामना की जाती थी।
इस शोध के निष्कर्ष जर्नल ऑफ द इजिप्टियन लैंग्वेज एंड एंटिक्विटीज में प्रकाशित हुए हैं। यह खोज इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे पहले माना जाता था कि इस तरह के अनुष्ठान सिर्फ पुजारियों और धार्मिक अधिकारियों तक सीमित थे। लेकिन नए प्रमाण बताते हैं कि यह परंपरा अनुमान से करीब एक हजार साल पहले ही समाज में अपनी जगह बना चुकी थी।
क्या था अपोफिस रिचुअल, जिससे दुश्मनों को दिया जाता था शाप?
प्राचीन मिस्र की धार्मिक मान्यताओं में सूर्य देवता रा और अपोफिस नाम के विशाल सांप के बीच संघर्ष की कहानी बेहद अहम थी। अपोफिस को अराजकता, अंधकार और विनाश का प्रतीक माना जाता था। वह सूर्य देवता रा का सबसे बड़ा दुश्मन था और मान्यता थी कि वह संसार में व्यवस्था बनाए रखने की शक्तियों को चुनौती देता रहता है।
वीडियो: 'पंचायत' की शूटिंग खत्म होते ही मेकर्स ने छोड़ा गंदगी का ढेर? वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल
शुरुआत में पुजारी अपोफिस रिचुअल के जरिए रा की मदद करने और अराजकता की शक्तियों को पराजित करने की कोशिश करते थे। हालांकि, समय के साथ इस अनुष्ठान का इस्तेमाल व्यक्तिगत दुश्मनों को नुकसान पहुंचाने और उन पर शाप लगाने के लिए भी होने लगा। इतना ही नहीं, लोग खराब मौसम, जहर और दूसरी परेशानियों से सुरक्षा पाने के लिए भी इस तरह के जादुई अनुष्ठानों का सहारा लेते थे।
सिर्फ पुजारी नहीं, आम लोग भी लेते थे जादू का सहारा
इस खोज का सबसे बड़ा खुलासा यह है कि अपोफिस रिचुअल केवल मंदिरों और धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं था। थीब्स से मिले पपायरस के टुकड़े संकेत देते हैं कि आम समाज में भी इस अनुष्ठान का इस्तेमाल किया जाता था। कोपेनहेगन यूनिवर्सिटी के इजिप्टोलॉजिस्ट और शोध के सह-लेखक फ्रेडरिक हेगन के मुताबिक, इन अवशेषों से साबित होता है कि यह अनुष्ठान चौथी सदी ईसा पूर्व में उपलब्ध लिखित प्रति से करीब एक हजार साल पहले ही प्रचलित था।
पलक झपकते ही समुद्र में समा गए शख्स-कुत्ता, फिर हुआ चमत्कार और ऐसे बची जान
उनका कहना है कि न्यू किंगडम के दौर में ही यह मिस्र की संस्कृति का हिस्सा बन चुका था। उस समय पढ़े-लिखे आम लोग भी जादूगरों और उपचारकों के रूप में काम करते थे। लोग अपनी सुरक्षा, बीमारियों और दुश्मनों से जुड़े मामलों में ऐसे जानकार लोगों की मदद लेते थे। इससे यह भी पता चलता है कि प्राचीन मिस्र में जादू और धार्मिक मान्यताएं केवल राजमहलों या मंदिरों तक सीमित नहीं थीं, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में भी इनका गहरा प्रभाव था।
शाप को प्रभावी बनाने के लिए पपायरस पर थूकते और चाकू से करते थे वार
अपोफिस रिचुअल को पूरा करने की प्रक्रिया भी काफी दिलचस्प और असामान्य थी। अनुष्ठान के दौरान सबसे पहले पपायरस पर शाप से जुड़े मंत्र लिखे जाते थे। इसके बाद उस पपायरस को पैरों से कुचला जाता था। इतना ही नहीं, उस पर चाकू से वार किया जाता और थूका भी जाता था। अंत में पपायरस सहित अनुष्ठान में इस्तेमाल की गई सामग्री को आग के हवाले कर दिया जाता था। इन सभी क्रियाओं के पीछे प्रतीकात्मक उद्देश्य दुश्मन या बुरी शक्तियों को अपमानित करना और उनका विनाश करना था। प्राचीन मिस्र के लोग मानते थे कि इस तरह अनुष्ठान पूरा करने से शाप का प्रभाव बढ़ सकता है।
वायरल: न गाय, न बछड़ा... पुष्कर मेले में दो फीट की इस भैंस के पीछे पड़े लोग, करोड़ों में बताई जा रही कीमत
3,400 साल बाद भी कैसे सुरक्षित रह गए जले हुए अवशेष?
शोधकर्ताओं के लिए इस खोज का एक और हैरान करने वाला पहलू यह है कि जिस पपायरस को अनुष्ठान के दौरान जानबूझकर जलाकर नष्ट किया जाता था, उसके छोटे-छोटे अवशेष हजारों साल बाद भी मिल गए। थीब्स में मिले पपायरस के ये 40 टुकड़े प्राचीन मिस्र की धार्मिक मान्यताओं, जादुई परंपराओं और सामाजिक जीवन को समझने के लिए महत्वपूर्ण सबूत हैं।
यह खोज इतिहास की उस धारणा को भी बदलती है, जिसके मुताबिक जादुई अनुष्ठान केवल पुजारियों और प्रभावशाली लोगों तक सीमित थे। नए प्रमाण बताते हैं कि करीब 3,400 साल पहले आम लोग भी अपनी सुरक्षा, परेशानियों से बचने और दुश्मनों को नुकसान पहुंचाने के लिए शाप और जादुई प्रक्रियाओं का सहारा लेते थे।