मुशीर खान के अर्धशतक और अथर्व अंकोलेकर के तीन विकेट की मदद से मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप डी के मैच में गुरुवार को उत्तराखंड को 86 रन से हराकर अजेय रहते हुए ग्रुप चरण में अपने अभियान का समापन किया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर बनाया और फिर उत्तराखंड को 16.5 ओवरों में 123 रन पर आउट कर दिया।
मुशीर ने किया शानदार प्रदर्शन
मुंबई ने इस तरह से ग्रुप डी में 26 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उसने छह मैच जीते, जबकि एक मैच रद्द कर दिया गया था। 21 वर्षीय मुशीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 65 रन बनाए और फिर अपनी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से एक विकेट भी लिया।
सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम ने शानदार शुरुआत की। अंगकृष रघुवंशी और विकेटकीपर-बल्लेबाज हार्दिक तामोरे ने पहले विकेट के लिए 28 गेंद पर 66 रन जोड़े। तामोरे ने छह चौकों और दो छक्कों की मदद से सिर्फ 14 गेंदों में 39 रन बनाए। रघुवंशी ने 34 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल हैं। यह साझेदारी टूटने के बाद मुशीर ने मुंबई की पारी की कमान संभाली जबकि सरफराज खान ने 15 गेंद पर 31 रन की तूफानी पारी खेली।
उत्तराखंड की तरफ से अनुभवी स्पिनर जगदीश सुचित ने 28 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने सरफराज को आउट किया और फिर शिवम दुबे को पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद उन्होंने मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार का बहुमूल्य विकेट लिया, जो सिर्फ एक रन ही बना सके। उत्तराखंड की तरफ से रविंद्र नेगी ने भी तीन विकेट हासिल किए।
कर्नाटक बनाम बड़ौदा
ग्रुप ए के मुकाबले में बड़ौदा के बल्लेबाजों ने कर्नाटक के गेंदबाजों के आगे आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम सिर्फ 118 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से ध्रुव पटेल ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि शाश्वत रावत ने 27 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया। कर्नाटक की ओर से गेंदबाजी में श्रीशा आचार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं, विद्वथ कावेरप्पा ने 28 रन देकर 4 विकेट झटके। कर्नाटक ने 119 रनों के लक्ष्य को 16.1 ओवर में महज 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
हरियाणा बनाम जम्मू-कश्मीर
ग्रुप बी के मैच में हरियाणा ने जम्मू-कश्मीर को 2 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 167 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर की ओर से अब्दुल समद ने शानदार बैटिंग करते हुए 45 गेंदों में 77 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 6 छक्के लगाए। गेंदबाजी में हरियाणा की तरफ से कनिष्क चौहान ने महज 10 रन देकर 3 विकेट चटकाए। युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट निकाले। हरियाणा ने 168 रनों के लक्ष्य को एक गेंद शेष रहते हुए हासिल किया।
राजस्थान सुपर लीग में
ओपनर अभिषेक तोमर के शानदार अर्धशतक और तेज गेंदबाज दीपक चाहर व अराफात खान की घातक गेंदबाजी के दम पर राजस्थान ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टूर्नामेंट के ग्रुप-ए के अंतिम मुकाबले में बंगाल को छह विकेट से शिकस्त देकर सुपर लीग में जगह बना ली।
गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगाल की टीम राजस्थान के गेंदबाजों के सामने खुलकर नहीं खेल सकी और निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 157 रन ही बना पाई। राजस्थान की ओर से दीपक चाहर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 13 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि अराफात खान ने 36 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। जवाब में राजस्थान ने अभिषेक तोमर की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की बदौलत लक्ष्य को महज 16.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। राजस्थान ने 162 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया और चार अहम अंक हासिल किए। इस जीत के साथ राजस्थान ने 20 अंकों के साथ सुपर लीग में अपनी जगह पक्की कर ली। टूर्नामेंट के चारों ग्रुप से शीर्ष दो-दो टीमें आठ टीमों वाली सुपर लीग के लिए क्वालिफाई करती हैं। वहीं, इस हार से बंगाल की अगले चरण में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा।