भीड़भाड़ वाली पब्लिक बसों में यात्रा करना खतरे से खाली नहीं होता है। खासकर तब जब जेबकतरे ऐसे माहौल का फायदा उठाने की फिराक में रहते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिल्ली की डीटीसी बस में एक जेबकतरे को यात्रियों ने पकड़कर सबक सिखा दिया। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे है। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही लोगों को उस शख्स पर शक हुआ, उन्होंने तुरंत उसे बस के अंदर घेर लिया और पीटना शुरू कर दिया। लोगों का गुस्सा इतना था कि जेबकतरे के कपड़े तक फाड़ दिए। वहीं, उसे खुद को छुड़ाने की कोशिश करते हुए और ज्यादा मार खानी पड़ी। एक महिला भी उसे जोरदार थप्पड़ मारती दिख रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रहा है और लोग कमेंट्स में अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
बस में अचानक से चढ़ गया जेबकतरा
वीडियो में रिकॉर्डिंग कर रहा व्यक्ति बोलता सुनाई देता है, “ये 729 नंबर की बस है और इसमें जेबकतरा चढ़ा है।” 27 सेकंड की इस क्लिप में साफ देखा जा सकता है कि यात्री उस चोर के बाल पकड़कर उसे मार रहे हैं। महिलाएं और युवक दोनों मिलकर उसकी पिटाई कर रहे हैं और किसी का भी गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा।
चोर की खूब हुई पिटाई
यह वीडियो सबसे पहले @DELHIBUSES1 नाम के हैंडल ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा, “दिल्ली की बसों में जेब काटने की घटनाएं बढ़ रही हैं। यह है दिल्ली का पब्लिक ट्रांसपोर्ट, जहां रोजाना सैकड़ों लोग अपनी जेब से सामान गंवा रहे हैं।” इसके बाद @gharkekalesh ने भी यह वीडियो शेयर किया और लिखा, “डीटीसी बस के अंदर जेबकतरा पकड़ा गया।” इस क्लिप को 16 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 200 से अधिक यूजर्स इसे लाइक कर अपनी राय दे चुके हैं।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
कमेंट सेक्शन में लोग घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “काश मुझे भी वो इंसान मिल जाए जिसने मेरा फोन चुराया था। इस पर कार्रवाई जरूरी है ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।” दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा, “उसके लिए तो यह सबसे बुरा दिन था, उसे पिछले 10 साल के अपराधों की सजा एक साथ मिल गई।” तीसरे यूजर ने लिखा, “यही तरीका है नेता बनने का। दूसरों की चीजें उठाना।” चौथे यूजर ने कहा, “बस में तो माहौल बिल्कुल ट्रेन जैसा बना दिया है।”