तेज बारिश में ताश के पत्ते की तरह ढह गई दो मंजिला इमारत
- फोटो : एक्स
मुरादाबाद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार को बारिश की वजह से एक दो मंजिला इमारत धाराशाही हो गई। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो बेहद डरावना है। बताया जा रहा है कि मकान 50 साल से ज्यादा पुराना था। सबसे बड़ी बात यह है कि इमारत में दरारें आने पर 30 घंटे पहले ही प्रशासन ने जर्जर घोषित किया था। साथ ही भवन में रहने वाले दो परिवारों को बाहर करने के साथ सात दुकानों को खाली करा दिया गया और नोटिस चस्पा किया गया था।
वर्ष 1982 में बनी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर सात दुकानें थीं, तो वहीं पहली और दूसरी मंजिल पर सरफराज और सरताज अपने-अपने परिवारों के साथ रहते थे। बीते दिनों घर में दरारें पड़ने और तिरछा होने के बाद लोगों ने पुलिस-प्रशासन को संभावित खतरे की सूचना दी थी। आनन फानन पहुंची टीम ने भवन और दुकानों को खाली कराया था, लेकिन दोनों परिवार मकान को खाली करने के लिए तैयार नहीं थे।
पड़ोस में रहने वाले नईम ने लोगों को इसकी जानकारी दी। इसकी सूचना पर शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे सीओ कोतवाली कुलदीप गुप्ता, मुगलपुरा थाना प्रभारी केके राणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर नगर निगम और तहसील की टीम भी बुलाई। इसके बाद सरफराज और सरताज के परिवारों के आठ लोगों को बाहर निकाला गया। सभी दुकानें भी खाली करा दी गईं। मकान के सामने की सड़क पर बैरिकेडिंग कर बंद करा दी गई थी। इसके बाद शनिवार की दोपहर जब बारिश शुरू हुई तो खतरे से आशंकित जामा मस्जिद क्षेत्र में रहने वालों की नजर मकान पर टिकी थी। तभी इमारतअचानक भर-भराकर गिरने लगी।
मध्य प्रदेश: जिस काम के लिए लोग उड़ाते थे शख्स का मजाक, उसी मेहनत ने दिलाया विदेश में जॉब ऑफर
मकान गिरने से बिजली के तार और खंभे मकान के मलबे की चपेट में आ गए और पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि मकान का मलबा गिरने से बिजली के तारों से भयानक चिंगारी निकलने लगती है। इमारत के गिरने की जानकारी मिलने पर पुलिस और नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंच गई। तत्काल नगर निगम ने मलबा हटवाने का कार्य शुरू कर दिया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने कहा कि मकान एक दिन पहले ही खाली करा दिया गया था। इस सतर्कता की वजह से कोई जनहानि नहीं हुई है।
लंदन की मेट्रो में अचानक शुरू हुई दो चूहों की लड़ाई, लोग बोले- प्लेटफॉर्म पर चल रहा बॉक्सिंग टूर्नामेंट
मकान गिरने का कई लोगों ने वीडियो बना लिया। इसमें दिख रहा है कि किस तरह मकान धीरे-धीरे गिर रहा है और फिर दूर तक उसका मलबा फैल जाता है। अब वीडियो को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।