बेतिया के एक युवक की सऊदी अरब में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। युवक का नाम इंतजार मियां है जो बेतिया के बानुछापर मोहल्ले का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह सऊदी अरब के अल्फाज कंपनी में ड्राइवर का काम करता था। सूचना के बाद भी अभी तक पीड़ित परिजनों से किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी ने संपर्क नहीं किया है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को अज्ञात अपराधियों ने इंतजार मियां की सऊदी अरब में ही गोली मारकर हत्या कर दी। इस बात की सूचना उसके साथियों ने बेतिया में रहने वाले उनके परिजनों को फोन पर दी। इसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने भारत सरकार और स्थानीय सांसद से इंतजार मियां का शव भारत लाने की मांग की है ताकि उसका अंतिम संस्कार विधिवत तरीके से किया जा सके।
बेतिया के बानुछापर का रहने वाला इंतजार तीन साल पहले नौकरी करने के लिए सऊदी अरब गया था। इसके बाद से ही वह घर नहीं लौटा था। वहीं पर वह अल्फाज कंपनी में ड्राइवर का काम करता था, लेकिन बृहस्पतिवार को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।