बिहार के नवादा में बुधवार को एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर कस्टडी से फरार हो गया। दरअसल, पुलिस ने मंगलवार की देर रात चोरी के आरोप में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया था। बुधवार को नवादा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से एक युवक शौचालय जाने के बहाने से होमगार्ड जवान को चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद मोकामा पुलिस में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, फरार आरोपी को चोरी के मामले में गढ़पर मोहल्ले से गिरफ्तार किया गया था। आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के गोंदापुर मोहल्ला निवासी भोला सिंह के बेटे अतुल कुमार के रूप में की गई है।
बता दें कि मुन्ना सिंह के बेटे मंटू कुमार और भोला सिंह के बेटे अतुल कुमार को चोरी के आरोप में जिंदा कारतूस और हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था। लेकिन एक होमगार्ड जवान को अतुल ने बाथरूम जाने के नाम पर चकमा दे दिया। फिर वह हथकड़ी खुलवा कर बाथरूम गया और फरार हो गया। दूसरे होमगार्ड जवान ड्यूटी पर तैनात थे। लेकिन भीषण गर्मी में वे पानी पीने के लिए छत पर आ गए। इस दौरान वह एमसीडी वार्ड के पास पानी पीने गए थे। उसी वक्त एक होमगार्ड जवान को चकमा देकर कैदी फरार हो गया।