मामले की तफ्तीश करने पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के नालंदा में रविवार को संदिग्ध हालत में एक महिला का शव बरामद किया गया है। मामला नूरसराय थाना क्षेत्र के बालचंद बीघा गांव का है। मृतका की पहचान रविंद्र यादव की पत्नी अंशु देवी (28) के रूप में हुई है। मायके वालों ने ससुराल वालों पर मोटरसाइकिल के लिए गला दबा कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका अंशु देवी के भाई रूपेश कुमार ने बताया कि उन्हें बहन के ससुराल के गांव वालों से आज सूचना मिली कि उनकी बहन की हत्या कर शव को छुपाने का कोशिश की जा रही है। जब वे लोग सपरिवार अपनी बहन के ससुराल पहुंचे तो देखा कि गांव के पीछे शव पड़ा हुआ था। उन लोगों के आने की भनक पाकर ससुराल वाले घर में ताला लगा फरार हो गए। इसके बाद उन लोगों ने इस बात की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी। रूपेश कुमार ने बताया कि साल 2013 में अंशु देवी की शादी रविंद्र यादव से हुई थी। ससुराल वाले अंशु देवी की 10 साल की बेटी को भी साथ लेकर फरार हो गए।
नूरसराय थाना अध्यक्ष कुणाल चंद्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से जो भी लिखित आवेदन प्राप्त होगा। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा हो सकेगा।