चक्रवात दाना का असर दिखना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात के लैंडफॉल की प्रक्रिया आज भी जारी रहेगी। इसका असर बिहार के भी कई जिलों में देखने को मिल रहा है। मगध, शाहाबाद, कोसी, सीमांचल, अंग के कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हल्की ठंड महसूस हो रही है।
मुंगेर और पूर्णिया में भारी बारिश के आसार
इधर, पटना में भी ठंड हवा ने गर्मी से राहत दिलाई। शाम होते ही बोरिंग रोड, एजी कॉलोनी, बेली रोड, राजीव नगर समेत कई इलाके के बूंदाबांदी होने लगी। आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग की मानें तो बिहार के दक्षिण और पूर्वी हिस्से में साइक्लोन का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इसलिए राज्य के 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें मुंगेर और पूर्णिया में भारी बारिश के आसार हैं। पटना, नालंदा और समेत आसपास के जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।
पटना में बारिश।
- फोटो : अमर उजाला
नाव के परिचालन पर रोक लगा दी गई है
इधर, दाना चक्रवात को देखते बिहार आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों के अंचलाधिकारी को लेटर जारी किया है। गंगा समेत सभी प्रमुख नदियों में नाव के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। स्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं पटना, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, सहरसा, लखीसराय, बेगूसराय, नवादा, शेखपुरा, गया, जहानाबाद, नालंदा, औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर बारिश के आसार हैं। इन इलाकों के एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।