पटना विश्वविद्यालय के एक छात्र की सोमवार रात गोलीबारी के दौरान हुई मौत से गुस्साए छात्रों ने राजधानी पटना में प्रदर्शन किया। छात्रों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो इससे प्रदर्शन और उग्र हो गया। प्रदर्शन के दौरान आगजनी और तोड़फोड़ भी की गई। छात्रों ने मृत छात्र के शव को पुलिस से छीनकर अपने पास रख लिया है। अब वे मुख्यमंत्री को बुलाने की मांग कर रहे हैं।
पटना विश्वविद्यालय के इलाके में सोमवार देर रात से ही भारी तनाव है। पटना के अशोक राज पथ, पीएमसरएच, खजांची रोड और भिखना पहाड़ी का इलाका तनाव और दहशत में है। घटनास्थल पर डीएम और एसपी पहुंच गये हैं और छात्रों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी तक तनाव बना हुआ है।
गौरतलब है कि छात्र बीती रात हुई घटना से ही गुस्से में हैं। रात को पटेल छात्रावास और भिखना पहाड़ी के स्थानीय लोगों के बीच हुई हिंसक झड़प में औरंगाबाद के एक छात्र राजेश की मौत हो गई थी और दो छात्र घायल हो गए थे। राजेश पटना (22 वर्ष) कॉलेज में स्नातक तीसरे वर्ष का छात्र था। वह समाज शास्त्र का विद्यार्थी था। आक्रोशित छात्र देर रात मृत छात्र का शव पुलिस से जबरदस्ती छुड़ा कर पटेल हॉस्टल ले गये और हंगामा करते रहे।
पुलिस ने छात्रों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया लेकिन छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। पुलिस और छात्रों के बीच झड़प भी हुई और छात्रों ने पुलिस पर ईंट, पत्थर बरसाए। छात्रों ने मीडियाकर्मियों को वहां से भाग दिया। छात्रों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की टायरों में आग लगा दी।
स्थानीय लोगों और छात्रों के बीच झगड़े की वजह पुलिस अभी तक पता नहीं लगा पाई है। अभी हाल ही में पटना में पुलिस और नियोजित शिक्षकों के बीच झड़प के बाद आगजनी की घटना हुई थी।