मृतक का पोस्टमार्टम कराने अस्पताल पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के आरा में सोन नदी से निकलने वाली सुनहरी बालू के घाट पर वर्चस्व जमाने को लेकर दो गुटों में पहले हिंसक झड़प हुई। फिर दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस घटना एक युवक की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इस दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय ग्रामीण समेत तीन लोगों को भी गोली लग गई। इससे तीनों लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए, जिन्हें परिजनों ने फौरन इलाज के आरा शहर स्थित निजी क्लीनिक में भर्ती कराया है। यह घटना जिले के कोईलवर प्रखंड के चांदी थाना क्षेत्र के खनगांव बालू घाट के पास की है।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही चांदी थाना समेत कई थानों की पुलिस भारी तादाद में घटनास्थल पर पहुंची। फिर स्थिति को नियंत्रित करते हुए पूरे मामले की छानबीन में जुट गई। मृतक की पहचान सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के सिकरौल गांव निवासी मनोज सिंह के बेटे हर्षित सिंह (22) के रूप में हुई है। हर्षित अपने मां-बाप की इकलौती संतान बताया जा रहा है। जबकि गोलीबारी में घायल हुए लोगों में चांदी थाना क्षेत्र के खनगांव निवासी बिहारी यादव (55), सुनील कुमार (25) और उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव निवासी प्रकाश चौधरी (22) शामिल हैं।
इधर, घायल बिहारी यादव ने बताया कि बालू घाट पर वर्चस्व को लेकर दो गुटों में बहस चल रही थी। इसी बीच एकाएक दोनों ओर से फायरिंग होने लगी। मैं वहां से गुजर रहा था तो अचानक मुझे गोली लग गई। दूसरा घायल युवक सुनील कुमार ने बताया कि खनगांव बालू घाट पर उत्खनन करने को लेकर हम लोगों को टेंडर मिला था। जहां आज हम लोग बालू निकासी के लिए घाट बना रहे थे। तभी नामजद लोगों द्वारा वहां आकर हम लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। उसमें हमें और हमारे एक साथी को गोली लग गई और हम लोग जख्मी हो गए। वहीं, इस घटना में हमारे एक साथी की भी मौत हो गई है।
एसडीपीओ चंद्र प्रकाश ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई है कि अवैध बालू उत्खनन को लेकर गोलीबारी की गई है। उसमें एक युवक की मौत हो गई है और करीब तीन लोग जख्मी हैं, जिनका इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस फिलहाल इस घटना को अंजाम देने में शामिल लोगों की शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी हुई है। जबकि सूचना यह भी है कि ये दोनों गुट में पूर्व से भी आपसी अदावत थी, पुलिस इस मामले की पूरी जानकारी निकालने में जुटी हुई है।