बिहार के दरभंगा जिला के एपीएम थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी में बच्चा चोरी की अफवाह पर 55 साल की एक महिला को स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर पीट दिया। ग्रामीणों की पिटाई से महिला बुरी तरह जख्मी हो गई है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एपीएम थाना पुलिस ने महिला को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज बारिश के दौरान चंदनपट्टी दरगाह के पास एक महिला बारिश से बचने के लिए आश्रय के नीचे बैठी हुई थी। इसी दौरान वहां मौजूद पेड़ से जामुन तोड़ रहे कुछ बच्चे से उक्त महिला ने डरा-धमका कर कहने लगी हमारे साथ चलो हमारे पास हथियार है। इसी दौरान बच्चे डर गए और आसपास के लोगों को चिल्लाकर इकट्ठा कर लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी, जिससे वह घायल हो गई।
चश्मदीदों के मुताबिक, इस दौरान लोगों ने इस मामले की सूचना एपीएम थाना की पुलिस को दी। उसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया और बेसुध अवस्था में घायल महिला को अपने साथ थाने ले गई। इस दौरान पुलिस ने महिला से पूछताछ की। लेकिन वह बार-बार अपना बयान बदलती रही।
थाना अध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया कि महिला मेंटली डिस्टर्ब है। पूछताछ की गई है, लेकिन कोई भी बात स्पष्ट नहीं हो रही है। घायल महिला अपना नाम नहीं बता रही है। लेकिन वह कह रही है कि मेरे तो खुद तीन-तीन बच्चे हैं तो मैं क्यों बच्चा चोरी करूंगी। पुलिस ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है। उक्त महिला अलग-अलग बयान में कभी कुछ कह रही है तो कभी कुछ बता रही है। उसका स्थिर बयान स्पष्ट नहीं हो रहा है। महिला गायत्री मंदिर लहेरियासराय निवासी बताई जा रही है।