निगरानी टीम की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार सतर्कता अन्वेषण ब्यूरो ने बाल विकास परियोजना कार्यालय में छापेमारी कर डेटा एंट्री को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पटना जिले के नौबतपुर में की गई है, जहां से टीम ने डेटा एंट्री ऑपरेटर संतोष कुमार को 37,100 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को उसके अपने कार्यालय कक्ष से ही दबोचा गया।
यह खबर भी पढ़ें-PM Modi : विदेश में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहारियों को कर दिया खुश; सीएम सम्राट ने क्या लिखा?
सीडीपीओ मैडम के लिए 25 फीसदी और खुद के लिए 1फीसदी कमीशन की थी मांग
यह कार्रवाई नौबतपुर कार्यालय में तैनात महिला पर्यवेक्षिका सुशीला कुमारी की शिकायत पर की गई है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी संतोष कुमार सुशीला कुमारी को आवंटित 17 आंगनबाड़ी केंद्रों की पोषाहार और अंडा राशि को पास करने के बदले घूस की मांग कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपी प्रति केंद्र लगभग 10,000 से 14,000 रुपए की मांग करता था। आरोपी ने कुल राशि का 25 प्रतिशत हिस्सा सीडीपीओ मैडम के लिए और 1 प्रतिशत हिस्सा खुद के लिए बतौर रिश्वत वसूल कर देने का दबाव बनाया था।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Bridge News: बिहार में अब नए-नए इस रास्ते पर आवाजाही बंद; क्रैक के डर से कहां किया गया ऐसा?
डीएसपी सुजीत कुमार सागर के नेतृत्व में बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले की जांच की, जिसमें मामला सत्य पाया गया। जांच में रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण मिलते ही 18 मई 2026 को निगरानी थाना में कांड संख्या-059/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक सुजीत कुमार सागर के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया।सुनियोजित तरीके से जैसे ही सुशीला कुमारी से आरोपी संतोष कुमार ने रिश्वत के 37,100 रुपये पकड़े, पहले से घात लगाए बैठी निगरानी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक सुजीत कुमार सागर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे पटना स्थित निगरानी के विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।