नहाने गए तीन दोस्त डूबे एक की मौत
मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र के विशुनपुर जगदीश उर्फ आथर घाट पर नहाने गए तीन दोस्त बूढ़ी गंडक नदी में डूब गए। किशोरों के नदी में डूबने की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से दो युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को नदी से बाहर निकाला।
मनियारी से घूमने आए थे तीनों दोस्त
बताया गया कि मनियारी थाना क्षेत्र से तीन युवक आथर घाट पर नहाने आए थे। इनमें दो की जान बच गई, जबकि एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक युवक के परिजन मौके पर पहुंच गए और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
वैशाली के युवक की हुई मौत
मृतक की पहचान वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के रिक्खर गांव निवासी संजय पंडित के 21 वर्षीय पुत्र विशाल पंडित के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतक युवक अपने ननिहाल में रह रहा था।
नदी में बने गहरे गड्ढे में डूबा युवक
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि गुरुवार को मुसहरी थाना क्षेत्र के आथर घाट पर तीन दोस्त स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान बूढ़ी गंडक नदी में बने पुल के खंभे के पास गहरे गड्ढे में चले जाने से विशाल पंडित डूब गया। घटना के बाद स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने काफी खोजबीन के बाद शव को नदी से बाहर निकाला।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलने के बाद मुसहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में युवक को पीएचसी मुसहरी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें:
मोतिहारी में आग का तांडव; गए थे आग बुझाने, खुद हो गए हादसे का शिकार; वद्ध की मौत, युवक झुलसा
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इंकार
मृतक के नाना रामानंदन पंडित, निवासी हरिशंकर मनियारी, ने मुसहरी थाने में लिखित आवेदन देकर शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव को अपने साथ वापस ले गए। उन्होंने बताया कि विशाल पिछले कुछ दिनों से अपने ननिहाल में रह रहा था और दोस्तों के साथ नहाने गया था। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।