पूर्वी चंपारण जिले में निगरानी की लगातार हो रही कार्रवाई से फर्जी शिक्षकों में फिर से हड़कंप मच गया है। हाईकोर्ट के निर्देश पर निगरानी के द्वारा फर्जी शिक्षकों की जांच के दौरान बंजरिया में चार और नए शिक्षकों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
निगरानी के जांच में इसके पहले भी कई शिक्षकों पर बंजरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। आज निगरानी के आवेदन पर बंजरिया प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय अमवा में पदस्थापित शिक्षिका इकरा फातिमा, मध्य विद्यालय जटवा उर्दू में पदस्थापित नईमा परवीन, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिसवानिया उर्दू की शिक्षिका साबरा खातून और उत्क्रमित मध्य विद्यालय अमवा में पदस्थापित शिक्षक मो ज्याऊदीन के ऊपर प्राथमिकी हेतु आवेदन दिया है।
इस संदर्भ में पूछने पर थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि निगरानी के द्वारा दिए गए आवेदन पर इन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्राथमिकी के आधार पर जांच की जा रही है। बता दें कि हाईकोर्ट के आदेश पर निगरानी के द्वारा फर्जी शिक्षकों की जांच की जा रही है।
इस जांच के दौरान बंजरिया में संदिग्ध प्रमाण पत्रों के आधार पर अभी तक दस शिक्षकों की पहचान की गई है। इसमें छः शिक्षकों पर निगरानी के द्वारा बंजरिया थाना में पहले भी एफआईआर कराया जा चुका है। आज फिर चार और नए शिक्षकों पर एफआईआर दर्ज होने से जाली प्रमाण पत्र पर शिक्षक की नौकरी कर रहे कई अन्य शिक्षकों में हड़कंप मचा है।