बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने एक महिला को कुचल दिया। इस हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह घटना धपरी लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग के धपरी गांव के पास घटी। वहीं, मृतक महिला कि पहचान धपरी गांव निवासी महेश पंडित की पत्नी कौशल्या देवी (35) के रूप में हुई है। वहीं, घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जहां वे ट्रक में तोड़ फोड़ करने लगे। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने झाझा जमुई एनएच 333 को जाम कर दिया है। इसके बाद घटना की सूचना पर झाझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास करने लगी।
जानकारी के मुताबिक, कौशल्या देवी अपनी बेटी अनुराधा कुमारी के साथ अपने मायके झाझा थाना क्षेत्र के खुरी पारस गांव जा रही थी। उसी दौरान धपरी गांव के पास गैस सिलेंडर से लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने महिला को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को लेकर मृतक महिला की बेटी अनुराधा कुमारी ने बताया कि झाझा थाना क्षेत्र के खुरी पारस गांव में मामा के घर आज पूजा थी। उसी को लेकर धपरी गांव जा रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने मम्मी को घसीटते हुए कुचल दिया।
झाझा थानाध्यक्ष राजेश शरण ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई है। पुलिस महिला के शव को पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुट गई है। साथ ही मामले की छानबीन की जा रही है।