घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के समस्तीपुर जिले में मोबाइल चोरी के शक में मामा ने अपनी ही भांजी की हत्या धारदार हथियार से काटकर कर दी। इसके बाद आरोपी मामा फरार हो गया। यह मामला हसनपुर थाना क्षेत्र के आशापुर गांव का है। मृतक की पहचान पंकज कुमार की पत्नी मनीषा कुमारी के रूप में की गई है। बताया गया है कि मनीषा बचपन से ही अपने ननिहाल आशापुर में ही रहती थी। उसकी शादी नाना नानी ने ही कराई थी। वह पति के साथ नानी के यहां ही रह रही थी। घटना की सूचना पर हसनपुर पुलिस ने महिला का शव जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका मनीषा कुमारी की फाइल फोटो
जानकारी के मुताबिक, आशापुर गांव के रहने वाले मिथुन साव का मोबाइल गुम हो गया था। उसे शक था कि उसकी भांजी मनीषा ने ही उसके मोबाइल को गायब कर दिया है। इसी बात को लेकर शनिवार रात दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर बात आगे बढ़ गई। इसके बाद मिथुन अपनी भांजी को पास के मक्के के खेत में घसीटते हुए ले गया। फिर वहां उसके सिर पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर होने पर जुटे आसपास के लोग उसे तत्काल हसनपुर पीएससी ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद मिथुन वहां से फरार हो गया।
हसनपुर थाना अध्यक्ष निशा भारती ने बताया कि मोबाइल चोरी के बाद शक के आधार पर मिथुन साव की मनीषा के साथ कहासुनी हो गई थी। उसके बाद मिथुन ने धारदार हथियार से वार कर मनीषा की हत्या कर दी। इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मिथुन साव गांव से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।