मौत की सूचना मिलने के बाद रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के आरा में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में बाप-बेटे की मौत हो गई। दोनों की एक साथ मौत हो जाने से घर में मातम छा गया। यह घटना नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा के पास लक्ष्मी उत्सव पैलेस के पास हुई है। जहां अनियंत्रित ट्रैक्टर के टक्कर से बाइक सवार पिता की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि बेटे ने निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, बड़हरा थाना क्षेत्र के चातर गांव निवासी शिवरतन बिंद (50) बाइक से अपने बेटे आकाश कुमार के साथ इलाज कराने आरा गए थे। वहां से वापस लौटने दौरान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा में सामने से आ रहे मिट्टी लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दौरान शिवरतन बिंद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए आकाश को सदर अस्पताल से पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल से जाने के दौरान में उसने भी दम तोड़ दिया।
इस घटना की जानकारी जैसे ही मृतकों के परिजनों को मिली तो सभी लोग सदर अस्पताल पहुंचे। जहां सबका रो-रो कर बुरा हाल है। बहरहाल, पुलिस दोनों ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। उसके बाद पुलिस ट्रैक्टर ड्राइवर को तलाश करने में जुटी है।