इंडियन मुजाहिद्दीन (आईएम) के एक आतंकी को बिहार के दरभंगा जिले से गिरफ्तार किया गया है। उसे आईएम के संस्थापक यासीन भटकल का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। एनआईए ने इसे सोमवार की रात गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आतंकी की पहचान मोहम्मद दानिश अंसारी पुत्र मोहम्मद जफीर अंसारी के रूप में हुई है। वह दरभंगा जिले के लहरियासराय थाना क्षेत्र के चाकजोरा गांव का रहने वाला है। सूत्रों के अनुसार पिछले साल एनआईए की दिल्ली स्थित एक विशेष अदालत ने दानिश के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। दानिश से पूछताछ के आधार पर जांच एजेंसी ने दावा किया है कि वह भटकल को छिपने की जगह मुहैया कराता था। भटकल फिलहाल पाकिस्तान में छिपा हुआ है।
एनआईए के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने बताया कि मुंबई में हुए बम विस्फोट और हैदराबाद के चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए विस्फोट और अन्य कई आतंकी घटनाओं में दानिश शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रमुख आतंकी यासीन भटकल पूर्व में दरभंगा में भी पनाह ले चुका और इसी के मद्देनजर कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।