पटना जिले के मनेर में पुराने नोट लेकर मायके से आई बहू की ससुराल वालों ने हत्या कर दी। ससुराल पक्ष के लोग उससे नया नोट बदल कर मांग रहे थे। बहू के इनकार करने पर उनलोगों ने उसे बर्बर तरीके से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आठ साल पहले उसकी शादी हुई थी।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के भाई ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर भेज दिया। साथ ही उसकी शिकायत के आधार पर कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
मृतिका का भाई सुधीर कुमार ने पुलिस को बताया कि आठ साले पहले उसकी बहन की शादी धर्मेंद्र कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही पति ससुर और ससुराल के अन्य लोग मिल कर दहेज के लिए सीमा को प्रताड़ित करते थे। बार-बार मारपीट और घर से भगाने की सूचना पर कई बार आसपास के लोगों ने पंचायती भी कराई। उसने पुलिस को बताया कि अबतक ससुराल वालों को तीन लाख बतौर दहेज दिए गए। फिर भी उस पर और पैसे लाने का दबाव बना रहे थे। सुधीर ने बताया कि विगत 16 नवंबर को सीमा 8 हजार रुपए लेकर मायके से आई थी, लेकिन उसके ससुराल के लोग पुराना नोट देख बिदक गए और नया नोट जल्द बदलवाकर मंगाने को कहा। सीमा के इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की और इतना मारा कि उसकी मौत हो गई।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।