लालू यादव परिवार में घमासान जारी है। पूरा परिवार तेजप्रताप यादव को मनाने में जुटा है। लेकिन तेजप्रताप को देखकर नहीं लग रहा है कि वह किसी भी शर्त पर मानने वाले हैं। वहीं इस सब घटनाक्रम के बीच तेजप्रताप एक बार फिर अपने घर से दूर बनारस जा पहुंचे हैं। दरअसल तेजप्रताप गया से पटना आने वाले थे लेकिन वह होटल से सीधे ही बनारस निकल गए। इसके बाद सवाल उठने लगा कि तेजप्रताप अचानक से कहां गायब हो गए, लेकिन अब उनका बयान आया है जिसमें उन्होंने कहा कि मैं गायब नहीं हुआ बल्कि बाबा के दर्शन करने बनारस आया हूं।
जानकारी के मुताबिक परिवार वाले चाहते थे कि तेजप्रताप पटना आएं इसके लिए उन्होंने कोशिशें भी कीं। इस दौरान परिवार वालों ने तेजप्रताप का काफी इंतजार भी किया। बता दें कि पूर्व मंत्री तेजप्रताप बीती रात बोधगया पहुंचे थे जहां उनकी तबीयत भी खराब हो गई थी। उन्हें तेज फीवर आ गया था। जिसके बाद उन्होंने अपनी मेडिकल जांच कराकर दवाई ली।
तेजप्रताप की शादी को अभी पांच महीने ही हुए हैं। लेकिन तेजप्रताप और उनकी पत्नी ऐश्वर्या के बीच झगड़ा शुरू हो गया है। तेजप्रताप ने पत्नी ऐश्वर्या से तलाक लेने के लिए पटना सिविल कोर्ट में याचिका दायर की है। जिसकी सुनवाई 29 नवंबर को होगी। ऐश्वर्या पूर्व सीएम दारोगा प्रसाद राय की पोती और पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी हैं।