पटना में प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार दोपहर अपनी मांगों के साथ सरकार विरोधी नारे लगाते गांधी मैदान से राजभवन की ओर जा रहे पासी समाज के प्रदर्शनकारियों की जेपी गोलंबर के पास पुलिस से झड़प हो गई। ट्रैफिक को प्रभावित करने के क्रम में पुलिस से कहासुनी चल ही रही थी कि भीड़ की ओर से कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते जेपी गोलंबर के आसपास भगदड़ मच गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए लाठियां भी चटकाईं। दोपहर बाद करीब दो बजे हुई झड़प की खबर में अपडेट जारी है...
पुलिस टीम के साथ बल प्रयोग करते प्रदर्शनकारी।ं
- फोटो : अमर उजाला
ताड़ी व्यवसायियों पर अत्याचार का कर रहे थे विरोध
मंगलवार को न्यू अखिल भारतीय पासी समाज ने गांधी मैदान से राजभवन तक पैदल मार्च की घोषणा की थी। पासी समाज ताड़ी व्यवसाय से जुड़े लोगों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए पटना आए थे। प्रदर्शनकारी राजभवन जाने के लिए निकले थे और पुलिस इन्हें गांधी मैदान के पास ही बैरिकेडिंग कर रोकना चाह रही थी। बैरिकेडिंग से निकलने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस बल का इंतजाम देख प्रदर्शनकारियों का एक खेमा बैरिकेडिंग पर बल प्रयोग करने लगा, जबकि दूसरी तरफ से दूसरे खेमे के कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में पुलिसकर्मी चोटिल हुए तो प्रदर्शनकारियों को संभालने के लिए पुलिस ने लाठियां चलानी शुरू कर दी।
प्रदर्शनकारियों को संभालने की कोशिश करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
पटना में फिर लगा रहा महाजाम, देर से लौटे स्कूली बच्चे
बेली रोड पर बिहार लोक सेवा आयोग के अधिकारियों को हटाने और रिजल्ट में सुधार के लिए प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित हो ही रहा था, इधर गांधी मैदान से फ्रेजर रोड होते हुए डाकबंगला चौराहे तक पासी समाज के प्रदर्शनकारियों के कारण गाड़ियां जहां-तहां फंस गईं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल से लौटने वाले बच्चों को हुई। स्कूल की छुट्टियों के समय प्रदर्शन के कारण फ्रेजर रोड, डाकबंगला रोड, न्यू डाकबंगला रोड, एग्जीबिशन रोड, चिरैयांटाड़ पुल, अशोक राजपथ, छज्जूबाग, बैंक रोड आदि में दो घंटे तक गाड़ियों का जाम रहा।