मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिवहर जिला समाहरणालय परिसर में पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत रघुनाथ झा की आदमकद प्रतिमा का रिमोट के माध्यम से अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शिवहर जिला अतिथि गृह में निर्मित होने वाले अतिरिक्त कमरों का शिलान्यास किया। शिवहर नगर परिषद् में बस स्टैंड के निर्माण और सात निश्चय-2 के तहत शिवहर नगर क्षेत्र अंतर्गत स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस दौरान अधिकारियों ने शिवहर बस स्टैंड में उपलब्ध होने वाले जनसुविधाओं के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने शिवहर बस स्टैंड के परिसर का मुआयना कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश ने सीतामढ़ी जिला अंतर्गत पुनौरा धाम मंदिर (मां जानकी जन्म भूमि) परिसर के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने साइट प्लान के माध्यम से पुनौरा धाम मंदिर परिसर में कराए जाने वाले विकास कार्यों के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुनौरा धाम परिसर और सीताकुंड का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पुनौराधाम मंदिर के विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। मंदिर प्रांगण में स्थित सीताकुंड को ठीक ढंग से विकसित करें और उसका सौंदर्गीकरण बेहतर तरीके से कराएं। विकास कार्य पूर्ण होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। यहां आकर उन्हें प्रसन्नता की अनुभूति होगी। सीएम नीतीश करीब 25 मिनट तक पुनौरा धाम में रुके थे। सीएम के आगमन को लेकर चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारी के साथ-साथ भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस दौरान सीएम ने मीडिया कर्मियों से भी दूरी बनाई।
सीएम नीतीश कुमार के आगमन पर हर जगह सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम किया गया था। इधर, सीएम के आगमन को लेकर पुनौरा धाम में पूर्व से बने भवन, मंदिर परिसर और अन्य जगहों के रंगरोगन के साथ ही सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया था। मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था।
गौरतलब है कि सितंबर 2023 में कैबिनेट की बैठक में पुनौरा धाम के सौंदर्यीकरण और सुविधा के लिए करीब 72.47 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। उक्त शिलान्यास कार्यक्रम में डिप्टी सीएम भी शामिल होने वाले थे। हालांकि वह नहीं दिखे। वहीं, सभापति देवेश चंद्र ठाकुर और उप सभापति रामचंद्र पूर्वे भी मौके पर मौजूद रहे। सीएम नीतीश का हेलिकॉप्टर एक बजे से पहले ही पटना के लिए प्रस्थान कर चुका था। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार निरीक्षण कर हैलीपैड व अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे थे। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा का पुख्ता व्यवस्था किया गया था। कार्यक्रम स्थल और परिभ्रमण क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
पर्यटन के दृष्टिकोण से पुनौरा धाम को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त किए जाने को लेकर पर्यटन विभाग की ओर से योजनाएं बनाई गई हैं। इनमें मंदिर परिसर का सुंदर वास्तुशिल्प से सौंदर्यीकरण, परिक्रमा पथ, सीता वाटिका, लव-कुश वाटिका, जानकी महोत्सव क्षेत्र, मंडप, पार्किंग क्षेत्र, और आंतरिक सड़क आदि का निर्माण किया जाना है।