बिहार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह की कोरोना वायरस संक्रमण से शुक्रवार को निधन के बाद राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (भाप्रसे) के 1985 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी त्रिपुरारी शरण को अगले आदेश तक के लिए प्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किया है।
वहीं बिहार सरकार द्वारा जारी उक्त अधिसूचना के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1986 बैच के अधिकारी संजीव कुमार सिन्हा को अगले आदेश तक बिहार राजस्व पर्षद के अध्यक्ष सह सदस्य के पद पर पदस्थापित किया गया है। वह फिलहाल सामान्य प्रशासन विभाग में मुख्य जांच आयुक्त थे।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1988 बैच के अधिकारी सुधीर कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग के मुख्य जांच आयुक्त बनाया गया है। वह वर्तमान में बिहार राज्य योजना परिषद में मुख्य परामर्शी के पद पर तैनात थे।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1989 बैच की अधिकारी वंदना किनी को अगले आदेश तक श्रम संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है। किनी अगले आदेश तक कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी। वह भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त पद वर्तमान में तैनात थीं।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1993 बैच के अधिकारी मिहिर कुमार सिंह अगले आदेश तक तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त के पद पर पदस्थापित किया गया है। वह वर्तमान में श्रम संसाधन विभाग के प्रधान सचिव थे।
भारतीय प्रशासनिक सेवा 2000 बैच के अधिकारी प्रेम सिंह मीणा अगले आदेश तक भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त के पद पर पदस्थापित किया गया है। मीणा अगले आदेश तक मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। वह वर्तमान में वित्त विभाग में सचिव थे।
भारतीय प्रशासनिक सेवा 2005 बैच के अधिकारी मनीष कुमार अगले आदेश तक दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त के पद पर पदरथापित किया गया है। वह वर्तमान में तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त के पद पर तैनात थे।