सार
केरल के वायनाड भूस्खलन में लापता सारण के तरैया निवासी मोहम्मद इमरान अंसारी का शव सेना ने मलबे से बरामद किया। परिवार में मातम पसरा है। कंपनी ने 50 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी है, जबकि जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
केरल के वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन ने बिहार के सारण जिले के एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। तरैया प्रखंड के भटगाई गांव निवासी मोहम्मद इमरान अंसारी का शव सेना ने राहत एवं बचाव अभियान के दौरान मलबे से बरामद कर लिया। यह खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सेना ने रेस्क्यू अभियान के दौरान बरामद किया शव
परिजनों के अनुसार, सेना और राहत एजेंसियां लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही थीं। गुरुवार देर शाम अभियान के दौरान मोहम्मद इमरान अंसारी का शव बरामद हुआ। इसके बाद शव को संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव को हवाई मार्ग से बिहार लाने की तैयारी की जा रही है।
छह माह की मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया
इमरान अंसारी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी शबनम खातून सदमे में हैं और बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। इमरान अपने पीछे छह माह की दुधमुंही बेटी छोड़ गए हैं, जिसने इतनी कम उम्र में ही अपने पिता को खो दिया। वृद्ध माता ऐनुल निशा, पिता अलाउद्दीन अली, भाई रिजवान अली उर्फ मुन्ना बाबा और अन्य परिजनों का विलाप देख गांव का माहौल भी गमगीन हो गया।
कंपनी ने दी तत्काल आर्थिक सहायता
मृतक के बड़े भाई इरसाद अली समेत परिवार के अन्य सदस्य वायनाड पहुंच चुके हैं और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। परिजनों ने बताया कि कंपनी ने तत्काल सहायता के रूप में 50 हजार रुपये उपलब्ध कराए हैं। साथ ही पीएफ, बीमा और अन्य देय राशि का भुगतान सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद किए जाने का आश्वासन दिया है। कंपनी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने की बात भी कही है।
ये भी पढ़ें-
डीजे पर गाना बजाने को लेकर बवाल, शादी समारोह में मचा खूनी संघर्ष; वाहन की चपेट में युवक की मौत, कई घायल
पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग
शव मिलने की सूचना के बाद तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह 'विक्कू' मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने केरल सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है और सरकार को मानवीय आधार पर हरसंभव सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।