हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ और पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा-सिवान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-531 पर रविवार अपराह्न हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना माने मठिया गांव के समीप हुई, जहां सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
अस्पताल पहुंचते ही छात्र को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कौशलेंद्र कुणाल ने जांच के बाद रसूलपुर थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव निवासी प्रताप प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रामेश्वर साह के 22 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार साह की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज से फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। साथ ही दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
बहन के घर जा रहे थे दोनों दोस्त, पलभर में उजड़ गए सपने
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक बाइक से विशाल कुमार साह की बहन के घर जा रहे थे। एकमा से दाउदपुर की ओर जाने के दौरान माने मठिया गांव के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
यह भी पढ़ें:
प्रशांत किशोर बांकीपुर से जन सुराज प्रत्याशी; भाजपा के सामने खुद उतरे, CM भी निशाने पर
घटना की खबर मिलते ही मृतक और घायल युवक के परिजन अस्पताल एवं थाने पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक पढ़ाई कर रहे थे और उनके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें इस हादसे ने पलभर में खत्म कर दीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।