Bihar News: सीवान के दरौदा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान बारात में पहुंचे चार लोगों द्वारा मारपीट के बाद फायरिंग कर दी गई, जिसमें दूल्हे के मामा सीदेश्वर भारती को गोली लग गई। वे गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीवान जिले के दरौदा थाना क्षेत्र में बीती रात एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। इस घटना में दूल्हे के मामा सीदेश्वर भारती गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
विज्ञापन
कार से पहुंचे लोगों ने की फायरिंग
घटना दरौदा थाना क्षेत्र के रुकूंदीपुर पंचायत के भिखारीपुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बारात में सभी लोग नाच-गा रहे थे। इसी दौरान क्रेटा कार से चार लोग वहां पहुंचे और बारात में शामिल हो गए। कुछ देर बाद उन्होंने एक युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने में घायल हुए मामा
बताया जा रहा है कि जब दूल्हे के मामा सीदेश्वर भारती बीच-बचाव करने पहुंचे, तो इसी दौरान फायरिंग हुई और एक गोली उनके पेट में लग गई। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विज्ञापन
डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी
घायल सीदेश्वर भारती सिसवन थाना क्षेत्र के घुरघाट गांव के निवासी हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही दरौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संबंधित व्यक्तियों की पहचान में जुटी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।