सारण जिले के मांझी प्रखंड के महम्मदपुर पश्चिम पट्टी गांव में शुक्रवार शाम दहा नदी में डूबने से एक युवक लापता हो गया। बताया जा रहा है कि युवक नदी किनारे शौच के लिए गया था, तभी फिसलन भरे किनारे पर उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव वाले गहरे पानी में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों तथा गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक व चिंता का माहौल है।
शौच के लिए नदी किनारे गया था युवक
डूबे युवक की पहचान मांझी प्रखंड के महम्मदपुर पश्चिम पट्टी गांव निवासी मनीष मल्लाह उर्फ नेपाली के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार शाम मनीष नदी के किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान नदी के ढलान वाले किनारे पर उसका पैर अचानक फिसल गया। बारिश और नमी के कारण नदी का किनारा काफी फिसलन भरा था।
पुलिस और ग्रामीणों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। नदी में पानी का स्तर अधिक होने और अंधेरा होने के कारण खोज एवं बचाव अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस और स्थानीय ग्रामीण नाव तथा जाल की मदद से नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मनीष का कोई पता नहीं चल पाया था। युवक के लापता होने की खबर से घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है।
एनडीआरएफ या एसडीआरएफ की टीम बुलाने की तैयारी
मांझी थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि युवक की तलाश के लिए पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और स्थानीय स्तर पर खोजबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर खोज अभियान को तेज करने के लिए एनडीआरएफ या एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया जा सकता है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मनीष के नदी में डूबने की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।