हाजीपुर में चर्चित बीपीएससी शिक्षिका विवाद के बाद अब सारण जिले से भी वैवाहिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। भगवान बाजार थाना में दिए गए आवेदन के आधार पर एक युवक ने अपनी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और ससुराल पक्ष पर संपत्ति हड़पने, अवैध संबंध रखने, झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जीएनएम की पढ़ाई कराई, नौकरी लगने के बाद बिगड़े रिश्ते
आवेदन के अनुसार, रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र के घरी गांव निवासी कृष्ण कांत राम की शादी वर्ष 2014 में पटना निवासी मणिलता कुमारी से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें जुड़वां बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने पत्नी की जीएनएम की पढ़ाई पूरी कराई, जिसके बाद वर्ष 2020 में उसकी नियुक्ति सारण जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अमनौर में जीएनएम के पद पर हुई। उनका कहना है कि वर्ष 2021 के बाद पत्नी का सदर अस्पताल, छपरा में कार्यरत एक डाटा ऑपरेटर से कथित रूप से संबंध हो गया।
जमीन और कार खरीदवाने का आरोप
कृष्ण कांत राम का आरोप है कि विरोध करने पर पत्नी ने उनके नाम पर मायके में जमीन खरीदने और अपने नाम से कार लेने की शर्त रखी। परिवार बचाने की उम्मीद में उन्होंने अपनी 15 कट्ठा पैतृक जमीन बेच दी और वर्ष 2023 में पत्नी के नाम पर जमीन खरीदी। इसके अलावा करीब 3.45 लाख रुपये खर्च कर उसके नाम से स्विफ्ट डिजायर कार भी खरीदी।
ये भी पढ़ें-
Bihar: बांकीपुर उपचुनाव से पहले पटना में NDA की महाबैठक आज, CM आवास में विधायक-जिलाध्यक्ष भी जुट रहे
21 लाख रुपये की संपत्ति हड़पने का आरोप
आवेदन में कहा गया है कि बाद में पत्नी ने अपने नाम की जमीन बेचने के लिए उन्हें गवाह बनने को कहा। पीड़ित के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को वह बिक्री के गवाह बने, लेकिन पूरी राशि पत्नी ने अपने पास रख ली। उनका आरोप है कि इसके बाद पत्नी ने कथित रूप से साफ कह दिया कि अब वह दूसरे व्यक्ति को अपना पति मानती है और उनके साथ नहीं रहना चाहती। पीड़ित ने दावा किया है कि इस पूरी प्रक्रिया में उनकी करीब 21 लाख रुपये की संपत्ति चली गई।
झूठे मुकदमे और जान से मारने की धमकी का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनके खिलाफ भगवान बाजार थाना में एक मामला दर्ज कराया गया, जिसमें उन्हें गिरफ्तार होकर 18 दिन जेल में रहना पड़ा। बाद में समझौते के आधार पर उन्हें जमानत मिली। पीड़ित का यह भी आरोप है कि 31 मई 2026 को सदर अस्पताल बुलाकर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और तलाक देने का दबाव बनाया गया। इनकार करने के बाद अगले दिन महिला थाना में उनके खिलाफ एक और मामला दर्ज करा दिया गया।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की मांग
कृष्ण कांत राम ने पुलिस से मोबाइल कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट, सदर अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पत्नी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद, क्या लगाया आरोप?
इस संबंध में शिकायतकर्ता की पत्नी मनिलता कुमारी का कहना है कि मेरे पति द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है। जो व्यक्ति खुद गलत और आपराधिक प्रवृति का है वह दुसरे पर आरोप क्या लगाएगा। क्योंकि वह मेरे साथ मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की नीयत रखता है। जिसको लेकर हमने भगवान बाजार और महिला थाने में लिखित रूप से आवेदन दे चुकी हूं। जिसमें एक बार वह जेल भी जा चुका है। हालांकि मेरे द्वारा भी व्यवहार न्यायालय में शिकायत किया गया है। अब जो बयान देना होगा वह न्यायालय में ही दूंगी। अगर वह सही है तो मीडिया के सामने साक्ष्य प्रस्तुत करे।