गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के जलालदी टोला गांव निवासी पिता व्यास पांडेय अपने छोटे बेटे सुजीत कुमार का श्यामपुर बाजार से लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन विधि को कुछ और ही मंजूर था। देर होने पर पिता ने उसकी खबर लेनी चाही, परंतु दुर्घटना में बेटे की मौत की सूचना मिलते ही पिता व पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई मौत
बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम जलालदी टोला निवासी व्यास पांडेय अपनी बाइक से क्षेत्र में एक नेवता में जाने वाले थे। इसी दौरान उनके बेटे सुजीत कुमार ने कहा कि पिताजी, मैं बाजार से लौटकर आता हूं, उसके बाद आप नेवता करने जाइएगा। लेकिन बाजार से लौटने के क्रम में ही विजय सिनेमा हॉल के समीप अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
दो दिन पहले ही बेटी का मनाया था जन्मदिन
घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सुजीत कुमार का वर्ष 2020 में कुचायकोट थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव निवासी काजल कुमारी के साथ विवाह हुआ था। विवाह के बाद उनकी एक दो वर्ष की बेटी है। अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए वह विदेश में रहकर काम करते थे। कंपनी से छुट्टी मिलने पर दो माह पूर्व ही वे अपने घर आए हुए थे। इसी दौरान खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण वे घर पर ही रुके हुए थे। दो दिन पूर्व ही उन्होंने अपने परिवार के साथ अपनी दो वर्षीय बेटी का बड़े ही धूमधाम से जन्मदिन मनाया था।
ये भी पढ़ें: CM नीतीश के पद छोड़ने से पहले ही JDU विधायक पर कसा शिकंजा, इस मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी
मृतक की पत्नी बेसुध
घटना के बाद से मृतक की पत्नी काजल कुमारी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि वे अपना जीवन किसके सहारे बिताएंगी। स्वजनों के चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया है और आसपास के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।