पुलिस आरोपी को लेकर दुर्ग रवाना हो गई
- फोटो : अमर उजाला
नाबालिग छात्रा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के फरार आरोपी छात्र को छत्तीसगढ़ पुलिस ने सीवान से गिरफ्तार कर लिया। लेकिन छत्तीसगढ़ लौटने के दौरान सीवान में पुलिस जीप पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में पुलिस टीम समेत सभी लोग बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि दुष्कर्म का आरोपी बी फार्मा का छात्र है। मामला पॉक्सो एक्ट का है।
जानकारी के मुताबिक, सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी बृजेश शर्मा का बेटा रोहन शर्मा (19) छत्तीसगढ़ के भिलाई थाना क्षेत्र के दुर्ग में बी फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। वहां वह तालपुरी क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। इसी दौरान रोहन ने उसके साथ पढ़ने वाली एक छात्रा को प्यार के जाल में फंसाकर शादी का वादा किया। फिर नाबालिग छात्रा से लगातार दुष्कर्म करता रहा। इस सिलसिले में जब छात्रा गर्भवती हो गई तो रोहन वहां से फरार हो गया और अपने घर दरौली गांव जाकर छिप गया।
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल लोकेशन के आधार पर रोहन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। जब सीवान से पुलिस रोहन शर्मा को लेकर लौट रही थी, तभी पुलिस जीप अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में मौजूद एएसआई को चोटें आईं, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद फिर पुलिस आरोपी को लेकर दुर्ग के लिए निकल गई।
बताया जा रहा है कि मामले की शिकायत मिलने के बाद दुर्ग आईजी गोपाल वर्मा ने इस मामले को संज्ञान में लिया। फिर दुर्ग एसपी जितेंद्र शर्मा को एक टीम गठित कर सीवान भेजा। जहां आरोपी पकड़ा गया। वहीं, पुलिस टीम में शामिल एएसआई राजेश मणि ने बताया कि 376 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है। पुलिस टीम सीवान पहुंची थी, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी रोहन शर्मा को गिरफ्तार को दुर्ग अपने साथ ले गई।