फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या या आत्महत्या? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Fri, 28 Nov 2025 09:45 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,छपरा

सार

सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के गवंद्री गांव में 23 वर्षीय नवविवाहिता कविता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की, जबकि मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर तीन लाख रुपये दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
छपरा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र स्थित गवंद्री गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। गुरुवार देर शाम पुलिस ने एक युवती का शव बरामद किया, जिसके बाद से गांव में तरह–तरह की चर्चाएं जारी हैं। यह मामला दहेज हत्या और आत्महत्या—दोनों ही आशंकाओं के बीच उलझ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था और ऐसे में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतिका की पहचान गवंद्री गांव निवासी मुकेश महतो की 23 वर्षीय पत्नी कविता कुमारी के रूप में की गई है। वह मूल रूप से वैशाली जिले के एकहरा गुमटी गांव की रहने वाली थी।

मृतिका के चचेरे भाई मिथलेश कुमार ने बताया कि कविता (काजल) की शादी मई 2025 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार गोरख महतो के पुत्र मुकेश महतो से हुई थी। वहीं मृतका की मां मंजू देवी का आरोप है कि शादी के दौरान उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार सोने–चांदी के गहने और नगदी दिए थे, लेकिन ससुराल पक्ष तीन लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज मांग रहा था। दहेज नहीं देने पर सास, ससुर और तीन ननदें उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। उनका आरोप है कि इन्हीं लोगों ने रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या की है।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें- Bihar : 'पापा-माई को कष्ट नहीं होना चाहिए', चिट्ठी लिखी फिर जान दी; दो नंबर से UPSC एग्जाम में पिछड़ा था अंकित
विज्ञापन


घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और तरैया पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया।

उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए मढ़ौरा-2 एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें