सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सीवान-बड़हरिया मुख्य पथ पर एक बाइक सवार युवक जो सीवान से अपने घर बड़हरिया जा रहा था। अभी बड़हरिया थाना क्षेत्र के सहबाजचक मोड़ के पास पहुंचा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार कुछ दूर फेंका गया। आसपास के लोग जब दौड़े तो देखा कि बाइक सवार छटपटा रहा है। इसकी सूचना तुरंत लोगों ने पुलिस को दी और घायल को अस्पताल भेजने लगे। तब तक बाइक सवार युवक ने वहीं दम तोड़ दिया।
मौके से अज्ञात वाहन भागने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर इसकी जानकारी मृतक के परिजनों को दी और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान नरहरपुर गांव निवासी राजेंद्र पासवान के पुत्र पशुराम पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद सीवान सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, मौके पर इस हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अज्ञात वाहन चालक को पकड़ने एवं कार्रवाई करने की मांग की है।
क्या कहती है पुलिस
बड़हरिया में सड़क हादसे में मौत के मामले में बड़हरिया थाना प्रभारी रूपेश वर्मा ने बताया कि बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। इसकी सूचना परिजनों को दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है, अज्ञात वाहन का पता लगाया जा रहा है।