गोपालगंज जिले में पंचदेवरी प्रखंड के तिवारी टोला चक्रपान में मंगलवार देर रात एक व्यवसायी के गोदाम में लगी आग में दम घुटने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। वहीं, 50 लाख से अधिक की संपत्ति भी जलकर राख हो गई। दमकल और ग्रामीणों के काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शार्ट-सर्किट से आग लगने की सूचना है।
बताया जाता है कि गोपालगंज के पंचदेवरी प्रखंड के तिवारी टोला चक्रपान गांव निवासी श्याम सुंदर वर्णवाल क्षेत्र के बड़े व्यवसायी हैं। पंचदेवरी बाजार में आयुष ट्रेडर्स और इलेक्ट्रिकल्स नाम से उनकी अपनी दुकान है। गांव में बड़ा सा गोदाम है, उसके तीसरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है। मंगलवार रात शार्ट-सर्किट से गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम के रखी प्लास्टिक की कुर्सियां, टेबल, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन और पंखा समेत अन्य इलेक्ट्रिक सामान जलने लगे। कुछ ही देर में आग पूरे गोदाम में फैल गई। परिवार के कई लोग तीसरी मंजिल पर घिर गए।
पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना स्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इलेक्ट्रिक व प्लास्टिक के सामान जलने के कारण इतना अधिक धुंआ निकल रहा था कि लोग परेशान हो गए। व्यवसायी श्याम सुंदर वर्णवाल की पत्नी मधु देवी तथा बेटे उत्कर्ष व आयुष ने तो किसी तरह सीढ़ी के सहारे भाग कर अपनी जान बचा ली। लेकिन व्यवसायी की सास कमलावती देवी (65 वर्ष) की दम घुटने से मौत हो गई। पिछले कुछ वर्षों से कमलावती देवी बेटी के घर ही रह रही थी। वह तेजी से घर से बाहर नहीं भाग सकी। धुंआ में उनका दम घुटने लगा और कुछ ही पलों में उन्होंने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पदाधिकारियों को दी। कटेया, भोरे और फुलवरिया से दमकल की गाड़ियां पहुंच गई। दमकल और ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन गोदाम से सामान नहीं निकाले जा सके। व्यवसायी और ग्रामीणों के अनुसार, 50 लाख से अधिक की क्षति का अनुमान है। चार लाख नकद भी जल जाने की सूचना है।
इधर, महिला की मौत की खबर मिलने पर मौके पर पहुंचे पंचदेवरी पिकेट प्रभारी राजेश कुमार राय ने मामले की जांच की तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया। वहीं, सीओ तरुण कुमार रंजन ने बताया कि घटना की सूचना पर राजस्व कर्मचारी विक्रांत कुमार को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित परिवार को नियमानुकूल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।