शराबबंदी वाले बिहार में जहां शराब पीने से छपरा और सीवान में कई लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, शराब कारोबारी शराब तस्करी का हथकंडा तरह-तरह से अपनाने में लगे हुए हैं। वैशाली जिले के महनार थाने की पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान वाहन पर लगे पुलिस स्टीकर वाली गाड़ी को रोक कर चेक किया तो भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया है कि विदेशी शराब 535 लीटर पुलिस ने बरामद की है तो दोनों शराब तस्कर से पुलिस पूछताछ करने में लगी हुई है। बताया गया कि दूसरे स्टेट से यह दोनों शराब कारोबारी पुलिस के लगे स्टीकर वाली गाड़ी का इस्तेमाल कर एक जगह से दूसरी जगह शराब पहुंचाने का कार्य करते थे, जिसकी सूचना महनार थाने पुलिस को लगी। कारोबारी पुलिस वाला स्टीकर लगे गाड़ी का इस्तेमाल कर दूसरे राज्य से शराब लेकर तस्करी का काम कर रहा है, जिसकी सूचना मिलते ही महनार थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में वाहन जांच शुरू की गई।
इसी दौरान पुलिस ने लग्जरी कार पर लदे 535 लीटर शराब के साथ कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों कारोबारी की पहचान देसरी थाना क्षेत्र के रहने वाले अशोक प्रसाद के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुआ है, जिसकी पत्नी जेल पुलिस औरंगाबाद में सिपाही के पद पर तैनात है। उसके नाम पर गाड़ी भी है, जिस पर पुलिस का स्टीकर लगा हुआ है। दूसरे आरोपी की पहचान हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र के जढुआ निवासी राजू शर्मा के पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है।
बताते चलें, तस्कर सिलीगुड़ी से शराब लेकर डिलीवरी देने समस्तीपुर जिले में शाहपुर पटोरी जा रहे थे। पुलिस दोनों से पूछताछ करने में लगी हुई है। शराब सिंडिकेट को भी पुलिस खंगालने में लगी हुई है। वैशाली एसपी हरकिशोर राय ने कहा, महनार थाने की पुलिस के द्वारा वाहन जांच किया जा रहा था। इसी दौरान शराब कारोबारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 535 लीटर शराब पुलिस ने बरामद की है। लगातार मादक पदार्थ के खिलाफ जिले में अभियान चलाया जा रहा है।