सीवान जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ है। भगवानपुर हाट प्रखंड के शंकरपुर पंचायत में कार्यरत आवास सहायक सुनील कुमार पर एक लाभार्थी से 12 हजार रुपये की अवैध वसूली का आरोप लगा है। पीड़ित ने पैसे के लेन-देन का स्क्रीनशॉट और एक ऑडियो क्लिप साक्ष्य के रूप में पेश किया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शंकरपुर निवासी विकास कुमार ने आरोप लगाया है कि आवास सहायक सुनील कुमार ने योजना का लाभ दिलाने के बदले 12 हजार रुपये मांगे। विकास का दावा है कि पैसे न देने की स्थिति में उनका नाम आवास सूची से हटाने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में पंचायत के मुखिया राजेश्वर साह ने सीवान के जिलाधिकारी और महाराजगंज के अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पढ़ें: 10 विभागों में जल्द भरे जाएंगे 49 हजार से ज्यादा खाली पद, मुख्य सचिव ने दी जानकारी; जानें सबकुछ
बताया जा रहा है कि सुनील कुमार पर पूर्व में भी आवास योजना से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वायरल ऑडियो में एक व्यक्ति को पैसे की मांग करते सुना जा सकता है, जो आरोपों को और गंभीर बना रहा है।
स्थानीय लोगों में इस प्रकरण को लेकर रोष है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि वरीय अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। यह मामला न सिर्फ योजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है, बल्कि जमीनी स्तर पर जवाबदेही की कमी को भी उजागर करता है।