सीवान के महादेवा थानाक्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति की सरेआम हथौड़े से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना महादेवा ओपी थानाक्षेत्र के मुखबधिर लॉज के पास की है। मृतक की पहचान लकड़ी नबीगंज थानाक्षेत्र के भोपतपुर निवासी योगेंद्र भगत (पिता योद्धा भगत) के रूप में हुई है।
अचानक पीछे से युवक ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक, योगेंद्र भगत किसी काम से जा रहे थे। तभी अचानक पीछे से आए एक युवक ने उन पर हथौड़े से हमला कर दिया। हमलावर ने एक के बाद एक कई बार वार किए, जिससे योगेंद्र भगत लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। हमले के बाद युवक हथौड़ा वहीं फेंककर फरार हो गया।
इस घटना को वहां से गुजर रही एक छात्रा ने देखा। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। फिर घायल बुजुर्ग को सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले आयुष्मान हेल्थ कार्ड और आधार कार्ड के जरिए उनकी पहचान हुई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
वहीं, घटना की सूचना पर महादेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीवान एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या किसी भारी औजार से की गई प्रतीत होती है। घटनास्थल को संरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। मृतक के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचित किया गया है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और हमलावर की गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
हत्या की इस क्रूर घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने इसे बेहद नृशंस बताया। लोग भयभीत हैं और पुलिस से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। अपराधी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।