प्राइमरी, मिडिल और हाईस्कूल श्रेणी के लिए अलग-अलग दिन होगी परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
बीपीएससी की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरइ-3 शुक्रवार से शुरू हो गई। पहले दिन की परीक्षा के लिए जिले भर में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां एक पाली में 6,864 शिक्षक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिला मुख्यालय में चार, थावे में एक, मीरगंज में तीन तथा हथुआ में दो सरकारी स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें शुक्रवार को मिडिल स्कूल, शनिवार को प्राइमरी स्कूल और रविवार को हाईस्कूल के लिए अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
तीनों दिन एक पाली दोपहर 12:00 से 2:30 बजे तक परीक्षा होगी। निर्धारित समय से दो घंटे पहले अभ्यर्थियों की एंट्री शुरू हो जाएगी। वहीं, एक घंटे पहले केंद्र के गेट को बंद कर दिया जाएगा और परीक्षार्थियों की एंट्री भी बंद कर दी जाएगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डीएम मो. मकसूद आलम ने परीक्षा में तैनात किए जाने वाले अधिकारी और कर्मियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए हैं। दोनों अनुमंडलों के एसडीएम द्वारा परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा को लेकर आदेश जारी कर दिया गया है। परीक्षा के दौरान सेंटर पर बेवजह घूमने वालों की गिरफ्तारी का आदेश है। केंद्र के आसपास के फोटो स्टेट की दुकानों को सुबह से शाम तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। गुरुवार की शाम तक सभी केंद्रों पर सीट प्लान चिपकाने का काम किया गया। पदाधिकारियों ने भी केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्र पर पहुंचे अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच की जाएगी। ई-एडमिट कार्ड पर छपे क्यूआर या बार कोड को स्कैन करते हुए फोटो के साथ भौतिक सत्यापन किया जाएगा। फोटो आईडी से भी मिलान किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि अभ्यर्थी के पास पेन, आधार कार्ड और एडमिट कार्ड के अलावा अन्य कोई सामान नहीं है।
गौरतलब है कि मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई, गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर और रिस्ट वॉच समेत आ अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री तथा व्हाइटनर, इरेजर या ब्लेड ले जाने की अनुमति नहीं है। इन सब चीजों को ले जाने पर अभ्यर्थियों पर पांच वर्षों के लिए परीक्षा पर पाबंदी लगा दी जाएगी। परीक्षा के पल-पल की गतिविधि पर निगरानी बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसमें तीन पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिनमें आइसीडीएस की डीपीओ सीमा कुमारी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सुरेंद्र पासवान और पीएचईडी के जेई जगलाल राम शामिल हैं। ये पदाधिकारी लाइव सीसीटीवी के माध्यम से सभी केंद्र पर निगरानी रखेंगे। किसी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर उच्च अधिकारी को सूचित करेंगे। कंट्रोल रूम में पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बलों की तैनाती भी की गई है।