सार
सारण के जलालपुर थाना क्षेत्र में सामुदायिक भवन के पास बगीचे के समीप गड्ढे में सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों ने पुलिस चौकी, सीसीटीवी और गश्ती बढ़ाने की मांग की।
स्थानीय थाने की पुलिस और ग्रामीणों की जुटी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दुबौलिया से चौरा जाने वाले रास्ते पर गम्हरिया-काला गम्हरिया की ओर सामुदायिक भवन के पास बगीचे के समीप एक गड्ढे में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव पर कपड़े नहीं थे और उसका सिर गायब था। इस कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर जलालपुर और बनियापुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस को शव का सिर बरामद होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।
पढ़ें: पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, अंजनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पैर में मारी गोली
पिछली घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता, पुलिस चौकी और सीसीटीवी लगाने की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि बीते 13 सितंबर को गला काटकर शव फेंके जाने की घटना के बाद अब एक बार फिर सिर कटा शव मिलने से क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने सुनसान रास्तों और बगीचों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
घटनास्थल पर पहुंचे मुखिया तारकेश्वर सिंह ने क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि तत्काल पुलिस चौकी बनाना संभव नहीं है, तो संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और पर्याप्त रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों ने नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की भी मांग की है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मृतक की पहचान जल्द करने और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही मृतक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।