समस्तीपुर के बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करने गए एक किशोर की मौत गुरुवार को डूबकर हो गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोरदीवा पंचायत के तहत आने वाले दरियापुर गांव की है। घटना की सूचना के बाद ग्रामीणों के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
मृतक की पहचान मोरदीवा पंचायत वार्ड नंबर दो के मनोज राम के 14 साल के बेटे गोलू के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची मुफ्फसिल पुलिस ने शव को जप्त तक सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की है। उधर, इस घटना के बाद परिवारिक सदस्यों के बीच कोहराम मचा हुआ है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि गोलू बूढ़ी गंडक नदी किनारे दरियापुर में स्नान करने के लिए गया हुआ था। वहीं स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो घर के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। नदी के किनारे ही उसका कपड़ा देखा गया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव की तलाश की गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसके शव को नदी से बाहर निकाला गया।
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष ने क्या कहा...
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा ने बताया कि बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से किशोर की मौत हुई है। ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया है। इस मामले में एक न्यूडी केस दर्ज किया गया है। शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।