सार
Bihar News: पूर्णिया के धमदाहा थाना क्षेत्र में बाइक और बुलेट की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सेंट्रल बैंक के फील्ड ऑफिसर सुजीत कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर...
पूर्णिया जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सेंट्रल बैंक का एक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। धमदाहा थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे-65 पर गैस गोदाम के समीप बाइक और बुलेट के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान नहीं हुई
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जबकि घायल की पहचान पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर निवासी सुजीत कुमार साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सेंट्रल बैंक, ब्रह्मज्ञानी शाखा में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।
दूसरे बाइक सवार की मौत
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुजीत कुमार साह सोमवार सुबह अपने घर से बैंक ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से उनकी बुलेट की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूसरे बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घायल को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच रेफर किया
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बैंक कर्मी को तुरंत धमदाहा के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: 20 वर्षों में बदली बिहार की छवि; मंत्री श्रवण कुमार बोले- विकास कार्यों और मीडिया की अहम भूमिका
पुलिस ने जब्त किए वाहन
घटना की सूचना मिलते ही धमदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों सुपर स्प्लेंडर और बुलेट को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्टेट हाईवे-65 पर अक्सर वाहन तेज रफ्तार में चलते हैं, जिसके कारण इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।