पूर्णिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक नाबालिग छात्रा को झांसे में लेकर उसके साथ गंभीर दरिंदगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़िता की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है, जिसके कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। स्थानीय पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, आरोपी मोहम्मद सूरज ने उसे अपनी बातों में फंसा रखा था। घटना के दिन आरोपी ने शादी का प्रलोभन देकर पीड़िता को गलत नीयत से सुनसान जगह में बुलाया। वहाँ पहुँचने पर आरोपी ने उसके साथ जबरन इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। वारदात के बाद बदहवास और लहूलुहान हालत में पीड़िता जैसे-तैसे अपने घर पहुँची और रोते हुए परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
पीड़िता को हायर सेंटर रेफर किया गया
पीड़िता की लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाज़ुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें- Bihar: रोहतास में फिल्मी अंदाज में ATM लूट! गैस कटर से मशीन काटकर 15 लाख लेकर फरार हुए चोर
पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए भवानीपुर के प्रभारी थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर संबंधित कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच और कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए पूर्णिया भेजा गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, आरोपी मो. सूरज पहले से ही आदतन इस तरह की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इससे पहले जुलाई 2025 में भी उसने इसी गाँव की एक अन्य नाबालिग छात्रा को अगवा कर उसके साथ ऐसी ही घिनौनी वारदात की थी, जिसके संबंध में पूर्व में भी मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस टीम आरोपी को दबोचने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।