सीओ सुरभी कुमारी ने दर्ज कराई शिकायत
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णिया जिले के रूपौली अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के तत्कालीन अंचल नाजिर सह निम्न वर्गीय लिपिक शिशिर कुमार पर अंचलाधिकारी (सीओ) के फर्जी हस्ताक्षर कर सरकारी खाते से 24,27,840 रुपये की अवैध निकासी करने का आरोप लगा है। इस मामले में वर्तमान सीओ शिवानी सुरभी की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गबन का यह मामला तब प्रकाश में आया जब अंचलाधिकारी शिवानी सुरभी ने सैरात मद की राशि की जांच के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (खाता संख्या- 2363875409) का बैंक स्टेटमेंट निकलवाया।
जानकारी के मुताबिक, 1 अप्रैल 2023 से 31 दिसंबर 2025 के बीच खाते से भारी वित्तीय अनियमितता की गई थी। जांच में पाया गया कि आरोपी शिशिर कुमार ने सीओ के जाली हस्ताक्षर कर चेक के माध्यम से किस्तों में 24 लाख 27 हजार 840 रुपये की निकासी कर ली थी।
आरोपी शिशिर कुमार वर्तमान में धमदाहा अनुमंडल कार्यालय में पदस्थापित है, लेकिन उसने अब तक रूपौली अंचल नजारत का प्रभार नए नाजिर को नहीं सौंपा था। प्रभार देने में हो रहे विलंब के कारण सीओ द्वारा लगातार पत्राचार भी किया जा रहा था। जब संदेह होने पर गहन जांच की गई और रोकड़ बही मांगी गई, तो आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पढ़ें- Bihar: खुद लड़की पसंद की थी... पर शादी से पहले दूल्हे ने गले लगाई मौत, आखिर शव लेकर फरार क्यों हो गए परिजन?
मामले में सीओ शिवानी सुरभी ने बताया कि बैंक स्टेटमेंट की जांच में स्पष्ट हुआ है कि मेरे फर्जी हस्ताक्षर के जरिए बड़ी राशि की अवैध निकासी की गई है। प्रथम दृष्टया यह सरकारी राशि के गबन का गंभीर मामला है, जिसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, रूपौली थानाध्यक्ष अभय रंजन ने बताया कि सीओ शिवानी सुरभी द्वारा रूपौली थाने में लिखित आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज की। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाजिर शिशिर कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।