सीएसपी संचालक की गोली मार कर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के पूर्णिया जिले के बनमनखी में एसबीआई के सीएसपी संचालक को बेखौफ अपराधियों ने छिनैती के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी। साथ ही बदमाश सीएसपी संचालक का रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना जिले के बनमनखी के क्षेत्र के रसाढ़ गांव की है। बताया जा रहा है कि सीएसपी संचालक एसबीआई बैंक से रुपये निकालकर चौकीदार के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। मृतक सीएसपी संचालक की पहचान रसार गांव निवासी सुभाष कुमार मिश्रा के रूप में की गई है।
वहीं, मृतक के परिजनों ने बताया कि सुभाष मिश्रा अपने ही रसाढ़ गांव में भारतीय स्टेट बैंक का सीएसपी चलाते हैं। शुक्रवार दोपहर में सीएसपी का रुपया निकालने के लिए बनमनखी भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा गए थे। करीब छह लाख रुपये बैंक से निकाले, जिसकी जानकारी बनमनखी पुलिस को दी। पुलिस के आदेश पर एक चौकीदार भेजा गया था। चौकीदार और सीएसपी संचालक दोनों रुपये से भरा बैग लेकर रसाढ़ गांव जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी आए और हथियार दिखाकर रुपये से भरा बैग मांगने लगे। जब रुपये देने से मना किया तो अपराधियों ने दनादन तीन से चार गोली सीएसपी संचालक को मार दीं। इस हमले में सीएसपी संचालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं, घटना की जानकारी के बाद परिजन और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। फिर आनन-फानन में सीएसपी संचालक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बनमनखी लाया गया। जहां जांच-पड़ताल के दौरान डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृत घोषित होने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।