किशनगंज जिले में एक शिक्षक द्वारा गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने का मामला सामने आया है। मामला कोचाधामन प्रखंड के सिंघारी गांव का है, जहां स्थित प्लस टू किसान हाईस्कूल के शिक्षक विकास कुमार पर 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी शिक्षक उसे लगातार फोन कर अश्लील बातें करता था। फिर गर्लफ्रेंड बनने का दबाव बनाता था और उसे सिलीगुड़ी घुमाने का प्रलोभन भी देता था। शिक्षक ने महाभारत के एकलव्य का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे एकलव्य ने गुरु द्रोणाचार्य को अंगूठा दिया, वैसे ही वह गुरु दक्षिणा के रूप में उसकी गर्लफ्रेंड बन सकती है। छात्रा ने शिक्षक की इन बातों को रिकॉर्ड कर लिया और प्रधान शिक्षक के समक्ष सबूत पेश किया।
इस मामले में और भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। स्कूल की महिला शिक्षिकाओं ने भी आरोपी पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। विवाहित होने के बावजूद शिक्षक का यह आचरण स्कूल में चिंता का विषय बना हुआ है। प्रधान शिक्षक ने इस मामले की शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी से की है।
बताया जा रहा है कि पहले भी आरोपी शिक्षक पर महिला शिक्षिकाओं से अश्लील बातें करने के आरोप लग चुके हैं, जिससे स्कूल में तनावपूर्ण माहौल बना था। फिलहाल मामले पर शिक्षा पदाधिकारी जांच कर रहे हैं, शिक्षक से जब हमने बात करने की कोशिश की तो उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताया है।