दुर्घटनाग्रस्त बाइक और शोक में डूबे मृतक के परिजन तथा ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां अहले सुबह मस्तान चौक के मौजाबाड़ी पुल के पास एक बाइक और चार चक्का वाहन के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के उड़े परखच्चे
चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कोचाधामन थाना क्षेत्र के बरिजान गांव निवासी नजरुल के रूप में हुई है।
हादसे के बाद फरार हुआ चार चक्का वाहन
हादसे के तुरंत बाद, चार चक्का वाहन मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद कोचाधामन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
मृतक के परिजनों को जैसे ही घटना की सूचना मिली, परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। नजरुल के आकस्मिक निधन से उनके परिवार के लोग सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चार चक्का वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और उसके चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।