फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: दिल दहला देने वाली वारदात, पत्नी की हत्या कर स्कूल परिसर में दफनाया शव; जमीन खोदने पर खुला राज

Sun, 17 May 2026 08:24 PM IST
पूर्णिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अररिया

सार

बथनाहा के श्यामनगर बालूगढ़ स्थित निर्माणाधीन डॉ. अंबेडकर आवासीय विद्यालय परिसर से जमीन में दफन महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने पति महबूब आलम को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की। फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस द्वारा खुदाई कर शव निकलते हुए - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अररिया जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के श्यामनगर बालूगढ़ स्थित निर्माणाधीन डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय परिसर से पुलिस ने जमीन में दफन एक महिला का शव बरामद किया है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।

मृतका की पहचान 23 वर्षीय नुसरत प्रवीण के रूप में हुई है, जो पूर्णिया जिले के के. नगर थाना क्षेत्र के बेगमपुर गांव की रहने वाली थी। करीब पांच वर्ष पहले उसकी शादी महबूब आलम से हुई थी। दोनों पति-पत्नी निर्माणाधीन विद्यालय परिसर में मजदूरी का काम करते थे। उनकी एक दो वर्षीय बेटी भी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ईद के दौरान किसी घरेलू विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि गुस्से में आकर महबूब आलम ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए विद्यालय परिसर में गड्ढा खोदा और बोरी में बंद शव को जमीन में दफना दिया।

वारदात को छिपाने के लिए आरोपी सामान्य तरीके से मजदूरी करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। इधर, कई दिनों तक बेटी से संपर्क नहीं होने पर मृतका के पिता मतिउर्रहमान को संदेह हुआ। उन्होंने दामाद से बेटी से बात कराने को कहा, लेकिन वह लगातार बहाने बनाता रहा। इसके बाद 13 मई को के. नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।

विज्ञापन


पढे़ं: मोतिहारी में 21 बच्चों के साथ पकड़े गए व्यक्ति पर गहराया रहस्य, मानव तस्करी के एंगल पर उठे बड़े सवाल

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। रविवार को डीएसपी राज किशोर कुमार और बथनाहा थाना पुलिस की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर विद्यालय परिसर में खुदाई कर शव बरामद किया गया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें