पूर्णिया केंद्रीय कारा फ़ाइल फोटो
पूर्णिया केंद्रीय कारा में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात बिहार सैन्य पुलिस (बीएमपी) के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह जवान अपने बैरक में मृत मिले। इस घटना से पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बीएमपी जवान अब्दुल कय्यूम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मोतिहारी जिले के रहने वाले थे और पूर्णिया जेल में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और साथी जवानों में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में जवान को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच लाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की अचानक मौत से परिजनों और सहकर्मियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही के.हाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर मोतिहारी से पूर्णिया पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूर्णिया पुलिस लाइन में शोकाकुल माहौल के बीच दिवंगत बीएमपी जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। विशेष वाहन से पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव मोतिहारी के लिए रवाना किया गया।