एनडीए के घटक दल भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की।
- फोटो : अमर उजाला
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए के घटक दल भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भूषण झा को 594 मतों के अंतर से पराजित किया। इस मुकाबले में पूर्व एमएलसी और सीपीआई के प्रत्याशी संजय सिंह तीसरे स्थान पर रहे। निर्वाचन आयोग की ओर से आधिकारिक घोषणा की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हालांकि, मतों का अंतर स्पष्ट होने के साथ ही एनडीए खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मतगणना के दौरान मुकाबले को लेकर लगातार उत्सुकता बनी हुई थी। एनडीए प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने मतगणना में बढ़त बनाए रखी और अंततः 594 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर रहे भूषण झा ने उन्हें कड़ी टक्कर दी, लेकिन वह जीत हासिल नहीं कर सके।
नरेंद्र प्रसाद सिंह की जीत की खबर मिलते ही तिरहुत क्षेत्र में एनडीए समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया, बधाई दी और मिठाइयां बांटीं।
ये भी पढ़ें- भोपाल की बड़ी खबरें: राज्यसभा के लिए भाजपा भेजेगी नामों का पैनल, भाजपा का प्रदर्शन; परमाणु बिजलीघर का विरोध
नरेंद्र प्रसाद सिंह ने इस जीत को एनडीए के कार्यकर्ताओं और शिक्षकों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, एनडीए के समर्पित कार्यकर्ताओं और शिक्षकों की है। उन्होंने शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उन पर भरोसा जताया है। वह शिक्षकों से किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक उनके और एनडीए के साथ मजबूती से खड़े हैं और इस जीत का जश्न मना रहे हैं।